‼️गाजीपुर में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़!..तीन गिरफ्तार; 15 बाइक और एक कटा इंजन बरामद‼️
‼️गाजीपुर में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़!..तीन गिरफ्तार; 15 बाइक और एक कटा इंजन बरामद‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अक्टूबर बुधवार 28-10-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और जंगीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के 16 दोपहिया वाहनों से जुड़े मामले का खुलासा किया है। बरामदगी में 15 मोटरसाइकिलों के साथ एक मोटरसाइकिल का कटा हुआ इंजन और अन्य पार्ट्स शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य आर्थिक लाभ के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी करते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए उनके पार्ट्स अलग-अलग करके बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, 27 और 28 अक्टूबर की मध्यरात्रि को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जंगीपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर 16 दोपहिया वाहनों से संबंधित बरामदगी हुई। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद भी मिले।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश राजभर, अतुल सिंह और नीरज राजभर के रूप में हुई है। तीनों गाजीपुर जिले के सादात थाना क्षेत्र के कटया गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में बरामद वाहनों में से छह के संबंध में गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। इनमें कोतवाली के दो, जंगीपुर के दो, करंडा का एक और सैदपुर का एक मामला शामिल है। इसके अतिरिक्त एक वाहन के संबंध में वाराणसी के चौबेपुर थाने में भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। बरामद वाहनों में स्प्लेंडर प्लस, सुपर स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स, बजाज एक्ससीडी और सीबीजेड एक्सट्रीम जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। एक मोटरसाइकिल का इंजन और चेचिस नंबर अलग-अलग पाए जाने की बात भी पुलिस ने बताई है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ जंगीपुर थाने में वाहन चोरी से संबंधित मुकदमा संख्या 225/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज है। इसके अतिरिक्त प्रवेश राजभर के खिलाफ सादात थाने में आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। अतुल सिंह के खिलाफ खानपुर थाने में भी एक मुकदमा दर्ज बताया गया है। पुलिस के अनुसार, हाल के वर्षों में वाहन चोरी के खिलाफ यह जिले की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। मामले में जंगीपुर थाने में मुकदमा संख्या 227/2026 दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





Comments