‼️सड़क हादसों पर लगेगा ब्रेक!..गाजीपुर पुलिस को मिली दो हाईटेक इंटरसेप्टर बाइकें‼️
- alpayuexpress
- 46 minutes ago
- 2 min read
‼️सड़क हादसों पर लगेगा ब्रेक!..गाजीपुर पुलिस को मिली दो हाईटेक इंटरसेप्टर बाइकें‼️

अगस्त सोमवार 3-8-2026
सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अगस्त मंगलवार 4-8-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में गाजीपुर पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा जनपद गाजीपुर को दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन (रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल) उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों को सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस लाइन परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब ये हाईटेक इंटरसेप्टर बाइकें जिले के प्रमुख मार्गों पर तैनात होकर ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करेंगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि इन आधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात का वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से लैस इन बाइकों के संचालन से यातायात पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और नियम तोड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। दोनों इंटरसेप्टर बाइकें अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं। इनमें स्पीड लेजर गन, हाई विज़न कैमरा, नाइट विज़न कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन सिस्टम (ANPR), मोबाइल डेटा टर्मिनल, पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PAS), ब्रेथ एनालाइजर, डेसीबल मीटर, लाल-नीली फ्लैश लाइट तथा हूटर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन उपकरणों की मदद से तेज रफ्तार वाहनों की पहचान, शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और संदिग्ध वाहनों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
यातायात पुलिस इन इंटरसेप्टर बाइकों की सहायता से शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगी। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में अनावश्यक हॉर्न एवं ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी। शहरी क्षेत्रों में ड्रंकन ड्राइव के खिलाफ नियमित चेकिंग अभियान चलाकर सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाया जाएगा।
पुलिस विभाग के अनुसार, जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) अभियान के तहत चिन्हित थाना क्षेत्रों कोतवाली, सैदपुर, कासिमाबाद, नंदगंज और मरदह में पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार इन इंटरसेप्टर वाहनों की मदद से विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात अनुशासन स्थापित करना तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इंटरसेप्टर वाहनों के शुभारंभ के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल यातायात राकेश कुमार मिश्र, यातायात निरीक्षक बालेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक यातायात मनीष कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक यातायात रणधीर कुमार गिरि सहित यातायात शाखा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया कि आधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों के संचालन से सड़क हादसों में कमी आएगी और जनपद में यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित होगी।

