‼️ग्राम चौपाल में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़!..देर शाम तक जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं‼️
- alpayuexpress
- 4 minutes ago
- 1 min read
‼️ग्राम चौपाल में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़!..देर शाम तक जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं‼️

सुभाष कुमार ब्यूरो चीफ
अगस्त बुधवार 5-8-2026
गाजीपुर:- ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर जिलाधिकारी के जनता दर्शन की तरह अब साप्ताहिक ग्राम चौपाल भी लोगों की समस्याओं के समाधान का बड़ा माध्यम बनती जा रही है। सरकार के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन प्रत्येक सप्ताह किसी न किसी गांव में ग्राम चौपाल आयोजित कर रहा है, जहां जिलाधिकारी स्वयं ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। इसी क्रम में देवकली ब्लॉक के पियरी गांव में आयोजित ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों की जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल में पेंशन, राजस्व, भूमि विवाद, आवास, प्रमाण पत्र और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े कई मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी पहुंचे जिनके मामले पहले से तहसीलदार, एसडीएम अथवा अन्य न्यायालयों में विचाराधीन हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची भी सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई गई। जिन पात्र लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं था, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर भविष्य में योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया। जिला प्रशासन का कहना है कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही करना है, ताकि उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

