- alpayuexpress
छेड़छाखानी का विरोध करने पर छात्रा की गोली मारकर हत्या
छेड़छाखानी का विरोध करने पर छात्रा की गोली मारकर हत्या
अक्टूबर रविवार 25-10-2020
किरण नाई ,वरिष्ठ पत्रकार -अल्पायु एक्सप्रेस

फिरोजाबाद: यूपी के फिरोजाबाद में 11वीं क्लास की छात्रा की छेड़छाड़ के विरोध पर मनचलों ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी घटना के बाद फरार हो गए। पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जनपद फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर के प्रेम नगर निवासी 16 वर्षिय छात्रा माता प्रसाद कलावती देवी स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ती थी। मृतका के पिता ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल जाते समय तीन शोहदों ने छात्रा का रास्ता रोक लिया था। उससे छेड़छाड़ का प्रयास किया। इसका छात्रा ने विरोध किया था।
शुक्रवार की देर रात मौका पाकर आरोपी अपने साथियों के साथ छात्रा के घर पहुंच गये। आरोपियों ने घर में घुसकर सोती हुई छात्रा पर तमंचे से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या करने के बाद फरार हो गए।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। छात्रा की हत्या की सूचना पर देर रात अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। थाना रसूलपुर में तीन नामजद और तीन अज्ञातों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
फिरोजाबाद एसएसपी सचिन्द्र पटेल ने बताया कि छात्रा की गोली मारकर हत्या की है। पिता ने तीन हमलावरों के नाम बताये है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीन टीमों को बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं