top of page
Search
  • alpayuexpress

सपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी प्रसपा : शिवपाल

सपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी प्रसपा : शिवपाल


नवम्बर शनिवार 7-11-2020


किरण नाई ,वरिष्ठ पत्रकार -अल्पायु एक्सप्रेस



गोंडा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में गठबंधन को लेकर अपने पत्ते खोल दिए हैं। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रसपा और सपा के बीच गठबंधन होगा। दोनों पार्टी मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने साफ किया कि प्रसपा का समाजवादी पार्टी में विलय नहीं होने जा रहा है।

जिले के इटियाथोक कस्बे के एक निजी शिक्षण संस्थान में शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में शिवपाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। समाज का हर वर्ग किसान व्यापारी छात्र नौजवान सब परेशान हैं। प्रदेश की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

उन्होंने जनसभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में सतारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। इस सरकार में मंत्रियों, विधायकों की सिफारिश तक नहीं सुनी जा रही है। सिफारिश के बाद भी पुलिस रुपये ले रही है। हमारे शासन में ब्लॉक स्तर के नेता के द्वारा भी काम हो जाय करता था।

प्रसपा अध्यक्ष ने लव जेहाद के खिलाफ कानून बनाने के सवाल पर कहा कि भाजपा सरकार ने कानून तो बहुत से बनाए हैं, लेकिन उनका पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि लव जेहाद के खिलाफ कानून के साथ साथ नैतिक शिक्षा का भी होना बेहद जरूरी है। बिना नैतिक शिक्षा के कानून बनने से कुछ नहीं होगा। आगे के राजनैतिक सफर के पर सवाल पर शिवपाल बोले की समाजवादी पार्टी से गंठबंधन होगा और सपा के साथ ही मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।


इसके पूर्व शिवपाल सिंह यादव ने मीना शाह इंस्टिट्यूट पहुंचकर स्व. मीना शाह बाबा की मजार पर खिराज-ए-अकीदत पेश कर अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने मीना शाह इंस्टीटयूट के सीईओ शईद मीनाई से भी मुलाकात की।

1 view0 comments
bottom of page