रामनवमी के अवसर पर मां कामाख्या धाम में चेतक प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
अमित उपाध्याय मंडल ब्यूरो चीफ
ग़ाज़ीपुर। चैत्र नवरात्र की रामनवमी पर मां कामाख्या धाम में चेतक प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें जिले के साथ ही कई अन्य जिलों के घुड़सवारों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि पूर्व पर्यटन मंत्री एवं जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें बिहार प्रांत के आरा निवासी कृष्णानंद पांडेय का घोड़ा सबसे आगे रहा। मां कामख्या धाम मेन गेट के सामने पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह के द्वारा चेतक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश एवं बिहार के कुल 26 घुड़सवारों ने अपने घोड़े के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पहले चरण में घोड़ों को तीन-तीन चक्कर लगाना था। प्रथम चरण में विजयी घोड़ों को दूसरे चरण में मैदान का चार-चार चक्कर लगाना था। इस घुड़दौड़ में आखिरी चरण में सात चेतक पहुंचे। प्रतियोगिता में बिहार प्रांत के आरा निवासी कृष्णानंद पांडेय का चेतक सबसे आगे रहा। दूसरे स्थान पर मऊ जनपद के धर्मशंकर यादव प्रधान का चेतक रहा। वही तीसरे स्थान पर डॉ राजेन्द्र निवासी जलदहा बिहार का चेतक रहा। सर्वश्रेष्ठ घुड़सवार का पुरस्कार दिलदारनगर के शम्भू खरवार रहे। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि सपा विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह और एसडीएम सेवराई राजेश प्रसाद चौरसिया ने संयुक्त रुप से ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया।
Comments